SBI Insurance Yojana झारखंड सरकार ने राज्य कर्मचारियों के सैलरी पैकेज को लेकर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ एक अहम एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत, जिन सरकारी कर्मचारियों का वेतन खाता SBI में है, उन्हें एक करोड़ रुपये तक का एक्सिडेंटल इंश्योरेंस कवर (दुर्घटना बीमा) मिलेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य बीमा, जीवन बीमा और बैंकिंग से जुड़ी कई सुविधाएं भी निशुल्क मिलेंगी।
कर्मचारियों को नहीं देना होगा कोई अतिरिक्त शुल्क
इस बीमा सुविधा और अन्य लाभों के लिए कर्मचारियों से कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लिया जाएगा। गुरुवार को आयोजित एक विशेष समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में यह एमओयू साइन किया गया। वित्त विभाग की विशेष सचिव राजेश्वरी बी. और SBI के उप महाप्रबंधक देवेश मित्तल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस मौके पर झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अलका तिवारी और झारखंड-बिहार सर्किल के SBI के मुख्य महाप्रबंधक के.बी. बंगाराजू भी मौजूद रहे।
सरकारी कर्मियों के लिए आर्थिक सुरक्षा का नया अध्याय
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के सरकारी कर्मियों के सम्मान, सुरक्षा और भलाई के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि आज से सरकारी कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में एक नई शुरुआत हो रही है। सरकारी कर्मी राज्य के विकास की रीढ़ हैं — नीति बनाने से लेकर योजनाओं को जमीन पर उतारने तक उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में उनका मनोबल बढ़ाना और उन्हें कार्य के लिए बेहतर माहौल देना सरकार की प्राथमिकता है।
SBI देगा सामाजिक सुरक्षा का भरोसा
मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी कर्मचारियों से अपील की कि वे राज्य हित में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाएं। इस अवसर पर SBI के मुख्य महाप्रबंधक के.बी. बंगाराजू ने कहा कि SBI का उद्देश्य सिर्फ बैंकिंग सेवा देना नहीं है, बल्कि राज्य और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाना भी है। बैंक अपने खाताधारकों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
यह समझौता सरकारी कर्मचारियों के लिए न केवल वित्तीय रूप से सुरक्षित भविष्य का रास्ता खोलेगा, बल्कि उनके प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।